महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए संस्थान मार्च में शुरू करेगा नया प्रशिक्षण कार्यक्रम
ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू, इच्छुक महिलाओं से की भागीदारी की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में ग्रामीण महिलाओं को स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की पहल के तहत मार्च महीने में सॉफ्ट टॉय निर्माण और ब्यूटी पार्लर संचालन का प्रशिक्षण शुरू किया जा रहा है। संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और इच्छुक महिलाओं से अपील की गई है कि वे शीघ्र पंजीकरण कर इसका लाभ उठाएं। प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभागियों को 30-30 के बैचों में शामिल किया जाएगा।
संस्थान के अधिकारियों ने बताया कि फरवरी माह के द्वितीय और तृतीय सप्ताह में आयोजित जागरूकता पखवाड़ा के दौरान संस्थान ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक कार्यक्रम आयोजित किए। इनमें आईटीआई बिलावर, बनी, बसोहली, हरिपुर, फिंटर-बिलावर, जीडीसी हीरानगर और आरसेटी परिसर में प्रशिक्षण शिविर, कार्यशालाएं और जागरूकता कार्यक्रम शामिल रहे। इनमें प्रतिभागियों को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, युवा पहल, मुद्रा योजना, जम्मू-कश्मीर ग्रामीण रोजगार सृजन कार्यक्रम योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही बैंक ऋण, केवाईसी नियम, साइबर धोखाधड़ी से बचाव और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर चर्चा की गई।
कार्यक्रमों में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग, जम्मू-कश्मीर ग्रामीण विकास बैंक, भारतीय रिजर्व बैंक, सहकारिता विभाग और जिला अग्रणी बैंक के अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी की। विशेष आकर्षण के रूप में संस्थान बाजार का आयोजन किया गया जिसमें पूर्व प्रशिक्षणार्थियों की ओर से तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।
संस्थान की कठुआ निदेशक उतपला शाइकिया ने कहा कि संस्थान का उद्देश्य ग्रामीण युवाओं और महिलाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपील की कि वे संस्थान के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जुड़े रहें।