संवाद न्यूज एजेंसी
कठुआ। गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम 2026 के तहत अंतर विद्यालयीय प्रतियोगिता का आयोजन किया। इसमें विद्यार्थियों के पोस्टर, पेंटिंग और स्लोगन लेखन मुकाबले करवाए गए। पेंटिंग में गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज कठुआ की साक्षी ने पहला स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज बसोहली, गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज महानपुर, गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज मढ़ीन, गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज हीरानगर, गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज कठुआ सहित कई अन्य संस्थानों के 48 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। इस मौके पर गवर्नमेंट डिग्री कॉलेज कठुआ के प्राचार्य डॉ. मनोहर लाल ने कहा कि शैक्षणिक संस्थान कानून का पालन करने वाले नागरिक बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि रहे आरटीओ सुरिंदर पाल शर्मा ने छात्रों को यातायात नियमों, हेलमेट और सीट बेल्ट की अनिवार्यता, ओवरस्पीडिंग तथा मोबाइल फोन के प्रयोग से होने वाले खतरों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने युवाओं से समाज में जिम्मेदार सड़क उपयोगकर्ता बनने का आह्वान किया।
अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। रोड सेफ्टी क्लब की संयोजक डॉ. नीलिमा गुप्ता ने निरंतर सहभागिता को जिम्मेदार नागरिकता की संस्कृति विकसित करने के लिए आवश्यक बताया। कार्यक्रम का संचालन प्रो. सुप्रीत कौर बाली ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. नीलिमा गुप्ता ने प्रस्तुत किया।