मुख्य शिक्षा अधिकारी ने परीक्षा का लिया जायजा
- फोटो : kathua news
कठुआ। जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से आयोजित 12वीं कक्षा की वार्षिक बोर्ड परीक्षाओं का आगाज हो गया है। सोमवार को पहले दिन अंग्रेजी विषय की परीक्षा को लेकर जहां परीक्षार्थियों में उत्साह देखने को मिला। वहीं, इस दौरान परीक्षाओं को शांतिपूर्ण एवं नकलमुक्त संपन्न कराने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम देखने को मिले।
सुबह 10 बजे शुरू होने वाली परीक्षा के लिए केंद्रों के बाहर व्यापक इंतजाम रहे। इस दौरान हर परीक्षार्थी को जांच के बाद परीक्षा केंद्र में जाने की इजाजत दी गई। तीन घंटे चली इस परीक्षा के दौरान सभी परीक्षा केंद्रों में आम लोगों का प्रवेश पूरी तरह से वर्जित रखा गया। इसके लिए परीक्षा केंद्रों के बाहर पुलिस कर्मी तैनात दिखे। परीक्षा को नकल मुक्त रखने के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने अलग-अलग परीक्षा केंद्रों में जाकर वहां परीक्षा के लिए किए गए प्रबंधों का जायजा लिया।
जम्मू-कश्मीर स्कूल शिक्षा बोर्ड कठुआ सब कार्यालय में सचिव मधुसूदन ने बताया कि जिले भर में 12वीं की परीक्षाओं के लिए कुल 56 केंद्र स्थापित किए गए हैं। इसमें कुल 5 हजार 885 विद्यार्थियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि परीक्षाओं के लिए बिलावर में बनाए गए 15 परीक्षा केंद्रों में 1551 विद्यार्थियों ने, बसोहली के 8 परीक्षा केंद्रों में कुल 802 विद्यार्थियों और कठुआ व हीरानगर के 33 केंद्रों में कुल 3532 विद्यार्थियों ने पहले दिन की परीक्षा में हिस्सा लिया। इन सभी केंद्रों में कहीं भी किसी तरह की कोई गड़बड़ी सामने नही आई है, जिससे पूरी परीक्षा शांतिपूर्ण रही है।