कठुआ। भारतीय सेना की राइजिंग स्टार कॉर्प्स की ओर से बनी उपमंडल के ढग्गर में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। ऑपरेशन सद्भावना के तहत रविवार को आयोजित होने वाले इस शिविर में सेना के डॉक्टरों और नर्सिंग सहायकों ने मरीजों को परामर्श और दवाइयां उपलब्ध कराईं। इसका दूरदराज क्षेत्रों से आए ग्रामीणों ने लाभ प्राप्त किया।
शिविर में सेना के चिकित्सकों के साथ-साथ नागरिक डॉक्टरों और नर्सों की टीम भी मौजूद रही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और 65 पुरुषों, 127 महिलाओं व 49 बच्चों ने चिकित्सा सेवाओं का लाभ उठाया।
इस मौके पर ग्रामीणों ने भारतीय सेना के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि सेना ने निस्वार्थ भाव से स्थानीय आबादी के स्वास्थ्य उत्थान में योगदान दिया है। उन्होंने मांग की कि ऐसे चिकित्सा शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाएं ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को भी समय-समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।