मढ़ीन में प्रशिक्षण सत्र के समापन कार्यक्रम में उपस्थित प्रशिक्षु महिलाएं।
- फोटो : kathua news
कठुआ। हीरानगर के करोल बिद्दो और मढ़ीन के खनवाल में ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान की तरफ से आयोजित 13 दिवसीय व्यवसायिक प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन हो गया है। इसमें संस्थान की निदेशक उतपला शइकिया के मार्गदर्शन में 65 महिलाओं को कौशल विकास का अवसर प्रदान किया गया। संस्थान के अनुसार इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें स्वरोजगार के अवसर प्रदान करना था।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन समारोह मढ़ीन में आयोजित किया गया। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में जम्मू और कश्मीर खादी एवं ग्राम उद्योग बोर्ड के जिला अधिकारी सुरिंदर शर्मा उपस्थित रहे। उन्होंने प्रशिक्षण पूरा करने वाली महिलाओं को बधाई दी और उनके समर्पण की सराहना की। अपने संबोधन में उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न रोजगार सृजन योजनाओं, विशेषकर जम्मू और कश्मीर ग्रामीण रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर पैदा करने के लिए प्रेरित किया और सभी महिलाओं को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किए।
इस मौके पर संस्थान के संकाय सदस्य अशोक कुमार ने बताया कि संस्थान की इस पहल से ग्रामीण महिलाओं को सॉफ्ट टॉयज और कॉस्ट्यूम ज्वेलरी निर्माण के नए कौशल सीखने का अवसर मिला है जो उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम साबित होगा। उन्होंने प्रशिक्षण हासिल करने वाली महिलाओं को अपने प्रशिक्षण और योजनाओं का सही उपयोग कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया।