- परिवहन विभाग के सहयोग से छात्राओं को दिए गए सुरक्षा संदेश
कठुआ। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में परिवहन विभाग के सहयोग से सड़क सुरक्षा पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विभाग के अधिकारियों ने छात्राओं को सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों के पालन के महत्व की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान एआरटीओ शम्मी कुमार ने छात्राओं को कहा कि हमारा जीवन बहुत कीमती है और इसे सुरक्षित रखने के लिए सड़क पर चलने के कुछ नियम बनाए गए हैं। इन नियमों का उल्लंघन कई बार जानलेवा साबित होता है इसलिए उनका पालन करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जैसे हम मोबाइल खरीदते समय उसकी सुरक्षा का ध्यान रखते हैं, उसी प्रकार वाहन चलाते समय भी सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का उपयोग करने की नसीहत दी।
आरटीओ सुरिंदर पाल शर्मा ने कहा कि परिवहन विभाग लगातार लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करता रहता है। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नियमों की जानकारी दी जाती है। उन्होंने कहा कि कई बार एक वाहन चालक की लापरवाही से दूसरे को भी भारी नुकसान उठाना पड़ता है, इसलिए सभी को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए नियमों का पालन करना चाहिए।