कठुआ। बनी शिक्षा जोन के हायर सेकेंडरी स्कूलों में लेक्चरर के खाली पड़े पदों को भरे जाने की सामाजिक कार्यकर्ता लेखराज सुदरम ने मांग की है। लंबे समय से खाली पड़े इन पदों को भरे जाने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने जोनल शिक्षा अधिकारी से मुलाकात की। लोगों का कहना था कि व्याख्याताओं के पद खाली होने से विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।
सुंदरम ने बताया कि हायर सेकेंडरी स्कूल बनी में 14 स्वीकृत पदों में से 11 भरे गए हैं, जबकि 3 पद रिक्त हैं। इसी तरह हायर सेकेंडरी स्कूल टप्पर में 11 पदों में से केवल 4 भरे गए हैं और 7 खाली हैं। हायर सेकेंडरी स्कूल लोवांग में 15 में से 8 पद भरे गए हैं तथा 7 रिक्त हैं। हायर सेकेंडरी स्कूल दुलंगल में 12 में से 6 पद भरे गए हैं और 6 खाली हैं। वहीं, हायर सेकेंडरी स्कूल रोलका में 11 में से केवल 4 पद भरे गए हैं और 7 रिक्त हैं। कुछ स्कूलों में अस्थायी तौर पर सीआरसी आधार पर व्यवस्था की जाती है लेकिन यह स्थायी समाधान नहीं है। व्याख्याताओं की कमी के कारण विद्यार्थियों को गंभीर शैक्षिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि सामान्यत इन पदों को मई-जून में भरा जाता है, जब शैक्षणिक सत्र का आधा समय बीत चुका होता है। इस देरी से बच्चों की शिक्षा पर प्रतिकूल असर पड़ता है। उन्होंने जोनल शिक्षा अधिकारी से स मामले को उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाकर सभी रिक्त पदों को शैक्षणिक सत्र की शुरुआत में ही भरे जाने की मांग की।