कुक के लिए आयोजित प्रशिक्षण और प्रतियोगिता कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभागीविज्ञप्ति
कुक-कम-हेल्पर्स के लिए कुकिंग प्रतियोगिता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित
कठुआ। बनी शिक्षा जोन के सरकारी स्कूलों में अपनी सेवाएं देने वाली कुक-कम-हेल्पर्स के लिए कुकिंग प्रतियोगिता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। राजकीय मिडिल स्कूल बनी में जोनल एजुकेशन ऑफिसर राजिंदर कुमार के नेतृत्व में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम का पीएम पोषण योजना के तहत 145 कुक-कम-हेल्पर्स ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पौष्टिक, स्वच्छ और आकर्षक तरीके से तैयार किए गए खाद्य पदार्थ प्रस्तुत किए। सभी ने निर्धारित खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों का पालन करते हुए मध्याह्न भोजन योजना के उद्देश्यों को साकार किया। इस प्रतियोगिता ने संतुलित पोषण, सुरक्षित खाना पकाने की विधियों और स्वच्छ रसोई की महत्ता को उजागर किया।
जोनल एजुकेशन ऑफिसर ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य कुक-कम-हेल्पर्स की पाक कला को निखारना, स्वच्छ एवं सुरक्षित खाद्य प्रबंधन को बढ़ावा देना और पोषण व स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को मजबूत करना था। समापन अवसर पर मुख्य अतिथि रहे गर्ल्स हाईस्कूल बनी के मुख्य अध्यापक जगत राम तथा अन्य अधिकारियों ने प्रतिभागियों के प्रयासों और समर्पण की सराहना की। इस मौके पर जोनल शिक्षा अधिकारी कार्यालय के लेखाकार बलवीर सिंह और शिक्षक व पीएम पोषण इंचार्ज सज्जाद अकरम भी मौजूद रहे।