रामकोट। गलक पंचायत के चौन क्षेत्र में शनिवार शाम जिला विकास परिषद सदस्य नगरोटा नारायण त्रिपाठी की अध्यक्षता में चौपाल बैठक का आयोजन किया गया। इसके साथ जसधार बूथ कमेटी की ओर से भी बजट पर चर्चा चौपाल बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य बजट पर चर्चा रहा। इस अवसर पर हाल ही में मोदी सरकार द्वारा 2026 के बजट की विशेषताएं ग्रामीणों को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बताईं। जिला विकास परिषद नगरोटा के सदस्य नारायण त्रिपाठी ने कहा कि बजट गरीब की दवाई से लेकर देश की रक्षा और आत्मनिर्भर भारत बनाने वाला और स्वदेशी को आगे बढ़ने वाला है। इसमें सरकार ने एक्सपोर्ट बढ़ाने और इंपोर्ट घटाने पर जोर दिया है। इससे स्वदेशी को बल मिलेगा और हमारे यहां पर बहुत सारे सामान का उत्पादन शुरू होने से रोजगार के नए संसाधन उपलब्ध हो पाएंगे।
बजट पर चर्चा कार्यक्रम के दौरान डीडीसी सदस्य ने कहा कि मोदी सरकार ने अपने बजट में गरीब की दवाई से लेकर बेरोजगार के लिए रोजगार तक का ख्याल रखा है जबकि देश की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए टैक्स के भूत को कम करने के लिए पहले के प्रावधानों को हटाकर समय पर टैक्स न भरने वाले को जेल की जगह जुर्माना करने का प्रावधान लाया गया है। इससे व्यापारियों में समय पर टैक्स न भरने से मिलने वाली प्रताड़ना से काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि सरकार ने बजट में 18 बीमारियों की लाइफ सेविंग ड्रग्स पर टैक्स कम कर दिया है जबकि पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए माउंटेन ट्रेन का नया प्रस्ताव लाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का बजट देश को दूरगामी परिणाम देगा और हमारी अर्थव्यवस्था और अधिक तेजी से आगे बढ़ेगी। बजट पर चर्चा के लिए आयोजित चौपाल में पूर्व सरपंच गलक सुरेंद्र शर्मा के अलावा स्थानीय ग्रामीणों ने भाग लिया ।