बिलावर। नाज पुल के पास शनिवार को नवनिर्मित मंदिर में शनि देव की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के लिए धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। मूर्ति स्थापना का कार्य पंडित दर्पण रैना और अन्य पंडितों ने मंत्र उच्चारण के साथ विधि विधान से करवाया। इस मौके पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, ग्रामीण और सैकड़ों श्रद्धालु मौजूद रहे। दोपहर 1:00 बजे सबसे पहले शनि देवता को भोग लगाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें सभी उपस्थित लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस धार्मिक और सामाजिक आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखा गया। दोपहर 1:00 बजे से शुरू हुआ भंडारा देर शाम तक जारी था। इस अवसर पर सब डिविजनल पुलिस अफसर नीरज पडियार और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर जाहिर मुश्ताक ने भगवान शनि देव के मंदिर में माथा टेका। सुमित वर्मा, राज शर्मा, अजीत आदि सामाजिक कार्यकर्ताओं ने इस धार्मिक आयोजन में सक्रिय सहयोग किया।