जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में खेलते खिलाड़ी।
- फोटो : kathua news
कठुआ। जिला प्रशासन कठुआ की तरफ से आबकारी विभाग के सहयोग से आयोजित जूनियर क्रिकेट चैंपियनशिप के तीसरे दिन दो सेमीफाइनल मुकाबले खेले गए। जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले इन मुकाबलों में उत्साह और जोश का संगत देखने को मिला। इस दौरान पहले सेमीफाइनल में चडवाल इलेवन और दूसरे सेमीफाइनल में बिलावर इलेवन की टीम ने जीत के साथ चैंपियनशिप के फाइनल में प्रवेश कर लिया है।
शुक्रवार को खेले गए दोनों ही सेमीफाइनल मुकाबलों ने खेल प्रेमियों और दर्शकों का खूब ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान हुए पहले सेमीफाइनल में मढ़ीन इलेवन और चडवाल इलेवन की टीम आमने-सामने हुई। मढ़ीन इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। चडवाल इलेवन ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 144 रन बनाए। मैच की आखिरी गेंद तक चले इस संघर्ष से परिपूर्ण मैच में मढ़ीन इलेवन की टीम ने 143 रन बनाए और मात्र 1 रन से हार गए। इस मैच के दौरान मढ़ीन के बल्लेबाज सीरत ने सबका ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया, जिन्हाेंने पूरी पारी के दौरान नॉट आउट रहकर बेहतरीन 63 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने का भरपूर प्रयास किया लेकिन टीम के अन्य बल्लेबाजों की असफलता के कारण उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
दोपहर बाद खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में लखनपुर इलेवन और बिलावर इलेवन के बीच मुकाबला हुआ। पहले बल्लेबाजी करते हुए बिलावर इलेवन की टीम ने 164 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इसमें टीम के बल्लेबाज सुरजल ने 71 रनों का योगदान दिया। लखनपुर इलेवन के बंटी ने 4 विकेट झटके। जवाब में लखनपुर ने संघर्ष किया लेकिन 115 रन ही बना सके और बिलावर ने शानदार जीत दर्ज की।
इस मौके पर मौजूद आबकारी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि यह टूर्नामेंट नशा मुक्त भारत अभियान के तहत खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसमें आज खेले जाने वाले दो सेमीफाइनल मुकाबलों के साथ फाइनल का निर्णायक मुकाबला खेलने वाली दो टीमें सामने आ गई हैं। अब सोमवार को टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला करवाया जाएगा।