कठुआ। जिले में जारी मनरेगा बचाओ संग्राम और हमारी रियासत, हमारा हक अभियान के तहत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। हीरानगर के चंद्रे चक में आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर निशाना साधा। आम लोगों को उनके अधिकारों और जमीनी लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जुगल किशोर बाली ने ग्रामीण स्तर पर लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा और मनरेगा जैसी योजनाओं को बचाने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के दौर में ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को 100 दिन का निश्चित रोजगार देने वाली योजना को सरकार खत्म करने पर तुली है। लिहाजा हमें सरकार के इस जनविरोधी फैसले के खिलाफ एकजुट होने की जरूरत है ताकि मनमानी पर उतरी सरकार को आइना दिखाया जा सके। कार्यक्रम में परवीन भगत, बाल कृष्ण, थुरु राम, कृष्ण सिंह राठौर सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।