बिलावर। अल्टीमेटम पूरा होने के बाद भी सरकार ने एनआईए से जांच के निर्देश नहीं दिए हैं। 8 मार्च 2025 को इछ्छू नाले में मृत मिले एक ही परिवार के तीन सदस्यों वरुण, योगेश और दर्शन सिंह की मौत के मामले की जांच सीबीआई या एनआईए से करवाने का आश्वासन मिला था। मगर सरकार ने अब तक तीनों की मौत के मामले की जांच सीबीआई या एनआईए से करवाने के आदेश नहीं दिए।
मृतकों के परिजन चमेल सिंह, मिठ्ठो देवी और अक्षय कुमार ने बताया कि मामले की जांच एनआईए या सीबीआई से करवाने की मांग को लेकर मृतकों के परिजन और अन्य कई लोगों ने बिलावर में 24 नवंबर को आमरण अनशन पर बैठे थे और पांच दिन बाद एडीसी बिलावर और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया था कि जल्द मामले की जांच सीबीआई या एनआईए से करवाई जाएगी।
मगर 31 जनवरी तक तीनों की मौत के मामले की जांच को एनआईए को नहीं सौंपा गया जिसकी वजह से मृतकों के परिजन ने अब मामले की जांच एनआईए से करवाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर आंदोलन करने की योजना बनाई है।
मृतकों के परिजन ने कहा कि तीनों की मौत हुए 11 महीने होने को हैं लेकिन आज तक इसका पता नहीं चल पाया है। परिजन ने कहा कि एक ही परिवार के तीन सदस्यों के शव एक साथ नाले में मिलना समझ से परे है। जम्मू-कश्मीर की पुलिस मामले को दबाने की कोशिश कर रही है जो सही नहीं है।