सेना के जवानों ने कीर्ती चक्र, सेना मेडल शहीद कैप्टन सुनील चौधरी को दी श्रद्धांजलिसंवाद
कठुआ। असम के तिनसुकिया में भारत माला के लिए अपने जीवन को बलिदान करने वाले कठुआ के बेटे कैप्टन सुनील चौधरी के बलिदान दिवस पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। कैप्टन सुनील चौधरी चौक स्थित स्मारक स्थल पर आयोजित समारोह में जिले के प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सेना के अधिकारी, पूर्व सैनिक, परिजन और नागरिक एकत्र हुए और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम में सबसे पहले सेना के जवानों और अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इसके उपरांत उपायुक्त राजेश शर्मा, विधायक डॉ. भारत भूषण, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मोहिता शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने पुष्पांजलि अर्पित कर शहीद को नमन किया।
इस अवसर पर शहीद के पिता सेवानिवृत्त कर्नल पीएल चौधरी ने पुत्र की वीरता और समर्पण को याद करते हुए कहा कि कैप्टन सुनील चौधरी ने 27 जनवरी 2008 को असम में आतंकवादियों से मुकाबला करते हुए प्राणों की आहुति दी थी। उन्होंने कहा कि उनके पुत्र का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा स्रोत है और उनकी स्मृति सदैव लोगों के दिलों में जीवित रहेगी। वहीं, उनकी माता सत्या देवी ने कहा कि उनका बेटा बचपन से ही बहादुर था और वह अपने छोटे से जीवन में बहादुरी की जो कथा लिख गया। वह हमेशा याद रखी जाएगी। वहीं, उपायुक्त और विधायक ने कैप्टन सुनील चौधरी को कठुआ का गौरव बताया और कहा कि उनका साहस और पराक्रम जिले के युवाओं के लिए आदर्श है। उन्होंने क्षेत्र के अन्य शहीदों को भी याद किया जिन्होंने राष्ट्र की एकता और अखंडता की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि ऐसे आयोजन युवाओं में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेंगे तथा उन्हें राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करेंगे।