बारिश का दौर कम हुआ तो छत पर पतंगों को उड़ाते नजर आए युवासंवाद
युवाओं ने घरों की छतों का रुख किया और अपनी पतंग को आसमान की बुलंदियों पर पहुंचाया
कठुआ। वसंत पंचमी पर दिन भर जारी रहने वाले बारिश ने पिछले एक सप्ताह पतंगबाजी की तैयारी कर रहे युवाओं को बुरी तरह से निराश कर दिया है। हालांकि शाम 5 बजे बारिश के कम होने के बाद कुछ युवाओं ने घरों की छतों का रुख किया और अपनी पतंग को आसमान की बुलंदियों पर पहुंचाया। लेकिन आसमान में इक्का-दुक्का पतंग देख उनका उत्साह की खत्म हो गया।
लगातार होने वाली बारिश के कारण हर साल वसंत पंचमी पर दिन रंगबिरंगी पतंगों से पटा रहने वाला शहर का आसमान और डीजे के शोर में थिरकते युवा इस बार नही देखने को मिले और न ही गली-मोहल्ले में कटी पतंगों को लूटने के वाले बच्चों का झुंड इस बार दिखाई दिया। इसके कारण पर्व पर ये काटा और वो काटा के शोर के साथ शहर में दिखने वाला उत्साह इस बार नही देखने को मिला है।
हर बार पर्व पर पतंगबाजी करने के लिए उत्साहित रहने वाले रजत वर्मा ने बताया कि वसंत पंचमी के दिन हर साल वह अपने दोस्तों और परिवार केे साथ पूरा दिन घर की छत पर ही बिताते थे। यहां दिन भर चलने वाली पतंगबाजी के लिए उन्होंने पहले से ही सारी तैयारी भी कर ली थी। लेकिन सुबह से शाम तक लगातार होने वाली बारिश ने उनके उत्साह का खत्म कर दिया है।
शहर के पारलीवंड निवासी अरविंद ने बताया कि वसंत पंचमी पर पतंगबाजी के साथ उन्होंने डीजे का भी प्रबंध किया था। लेकिन लगातार होने वाली बारिश के कारण न डीजे नहीं चल पाया और न पतंगबाजी कर पाए है। इस कारण उनके लिए पूरा पर्व फीका ही रहा है।