बसंतपंचमी से पहले पतंगों की हुई खरीदारी संवाद
मौसम को लेकर पूर्वानुमान से पतंगबाजों में रहा संशय
कठुआ। वसंत पंचमी की पूर्व संध्या पर शहर में पतंगों की जमकर खरीदारी हुई। वीरवार को बच्चों से लेकर युवाओं में पतंग की खरीदारी को लेकर भारी उत्साह देखा गया। शहर सबसे ज्यादा भीड़ युवाओं की पतंगबाजी को लेकर रही। इस दौरान मौसम को लेकर जारी पूर्वानुमान से पतंगबाजों में संशय की भी स्थिति देखने को मिली।
शहर के के कॉलेज रोड पर शहीदी चौक के पास पतंग की दुकानों पर सबसे ज्यादा भीड़ देखने को मिली। खरीदारी के लिए युवाओं को एक साथ दर्जनों पतंग खरीदकर ले जाते देखा गया। बच्चों के साथ अभिभावक उत्साह के साथ खरीदारी करने पहुंचे थे। ऐसा दृश्य शहर के करीब हर पतंग बेचने वाले दुकानदारों के पास देखा गया।
बाजार में खरीदारी करने पहुंचे अशोक कुमार ने कहा कि शहर में बसंत पंचमी के उपलक्ष्य में सबसे ज्यादा पतंगबाजी होती है। सुबह से शुरू होने वाली पतंगबाजी देर शाम तक जारी रहती है। मगर इस बार मौसम को लेकर जारी पूर्वानुमान से उनके इस उत्सव में संशय की स्थिति पैदा की है लेकिन वह फिर भी पतंग खरीद रहे हैं।
बता दें कि कठुआ में बसंत पंचमी के दिन होने वाली पतंगबाजी सिर्फ युवाओं तक ही सीमित नहीं है। यहां बच्चे, युवा और उनके साथ कई परिवार भी पतंग में सहयोग करते हैं। इस दौरान दिनभर घरों की छतों पर सुबह के नाश्ते और दोपहर के भोजन की व्यवस्था होती है और लोग डीजी की धुन पर पूरा दिन पतंगबाजी का लुत्फ लेते हैं।