कठुआ। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर जिला में तैयारी पूरे जोर शोर से जारी है। इस क्रम में शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में परेड की रिहर्सल पूरे उत्साह के साथ जारी है। विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में सांस्कृतिक कार्यक्रम का हिस्सा रहने वाले विद्यार्थी लगातार प्रस्तुतियों को बेहतर बनाने का प्रयास कर रहे हैं।
मंगलवार को शहर के स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले मुख्य समारोह के लिए विद्यार्थियों और सुरक्षाबलों की टुकड़ियों ने परेड का अभ्यास किया। जिला पुलिस की बैंड की धुन पर तीन चक्रों में हुए अभ्यास के दौरान प्रतिभागियों की 37 टुकड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ परेड की रिहर्सल की। इसके बाद विद्यार्थियों से मॉस पीटी का भी अभ्यास किया।
इस मौके पर जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के गतिविधि प्रभारी प्रवीण सिंह लखनपुरिया ने बताया कि इस समारोह को यादगार बनाने के लिए हर तरह की तैयारियों को पुख्ता किया जा रहा है। समारोह के लिए तीसरे दिन होने वाली रिहर्सल में 39 टुकड़ियों ने भाग लिया है। उन्होंने जिला पुलिस के बैंड पर परेड का अभ्यास किया है। इसमें पुलिस व सुरक्षा बन की सात, एनसीसी की सीनियर और जूनियर डिवीजन की पांच-पांच टुकड़ियों के अलावा विद्यार्थियों की टुकड़ियां शामिल रही।