एनएचपीसी की ओर से निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन विज्ञप्ति
कठुआ। एनएचपीसी लिमिटेड के सेवा-2 पावर स्टेशन ने वर्ष 2025-26 की सीएसआर-एसडी योजना के तहत बसोहली द्रमण स्थित प्राइमरी स्कूल दरकोदि में निशुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया। इस शिविर में दूरदराज के क्षेत्रों, विशेषकर पंचायत द्रमण और तणु के निवासियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गई।
सोमवार को शिविर का उद्घाटन विधायक दर्शन सिंह और सेवा-दो पावर स्टेशन प्रमुख मदन लाल शर्मा ने किया। इस मौके पर विधायक ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर ग्रामीण क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधाओं की पहुंच को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर में एनएचपीसी के डॉ. आरके चिन्तन के नेतृत्व में चिकित्सा टीम ने कुल 262 मरीजों की जांच कर उन्हें निशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। इस अवसर पर ग्रामीणों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर का लाभ उठाने वाले स्थानीय निवासियों ने इस आयोजन के लिए सेवा-दो पावर स्टेशन का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे शिविरों के आयोजन की मांग की। इस अवसर पर महाप्रबंधक (विद्युत) कल्पतरु नायक सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।