हीरानगर में आयोजित हिंदू सम्मेलन को संबोधित करते वक्ता। स्रोत जागरूक पाठक
कठुआ। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर होने वाले हिंदू सम्मेलनों का क्रम लगातार जारी है। रविवार को हीरानगर के पेइयां और हमीरपुर गांवों में में हिंदू सम्मेलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता दर्ज कराते अपने आप को संगठित सनातन समाज के रूप में प्रस्तुत किया।
हीरानगर के पेइयां गांव के चतुर्वेदी आश्रम में आयोजित कार्यक्रम में मनमोहन ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा दिए गए पंच परिवर्तन के विषय परिवार प्रबोधन पर ध्यान दिलाते हुए कहा कि परिवारों में आपसी संवाद बढ़ना चाहिए। क्योंकि नई पीढ़ी को हिंदू जीवन मूल्यों की सही जानकारी परिवार के बुजुर्गों से प्राप्त होना अनिवार्य है। उन्होंने शताब्दी वर्ष में आगामी युवा कार्यक्रमों में युवाओं की सहभागिता के लिए अपील की। हमीरपुर में हुए हिंदू सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के जम्मू-कश्मीर प्रांत के सामाजिक सद्भावना प्रमुख पवन मुख्य वक्ता रहे। उन्होंने सामाजिक सद्भाव की आवश्यकता पर बल दिया और समाज से आह्वान किया कि जातिगत भावना से ऊपर उठकर सामूहिक हिंदू पहचान को आत्मसात करें। संघ संस्थापक डॉ. हेडगेवार जी की दूरदृष्टि को इंगित करते हुए उन्होंने संघ कार्य के विस्तार को समाज के समक्ष खड़ी चुनौतियों से निपटने में महत्वपूर्ण बताया।