कठुआ। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत बसोहली विधानसभा क्षेत्र के कीड़ियां गंडयाल ब्लॉक में सड़क परियोजना का शुभारंभ हो गया है। रविवार को गांव भेलू से शेबार तक करीब 4.65 किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण कार्य का उद्घाटन विधायक बसोहली ठाकुर दर्शन सिंह ने किया। जिला विकास परिषद अध्यक्ष सेवानिवृत्त कर्नल महान सिंह व सदस्य श्वेता सिंह के साथ किया।
विधायक ठाकुर दर्शन सिंह ने कहा कि इस सड़क का निर्माण प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत किया जा रहा है जिसकी स्वीकृत लागत 1153.17 लाख रुपये है। इस सड़क के निर्माण से कीड़िया गंडयाल ब्लॉक में 450 ग्रामीणों को सीधा लाभ मिलेगा। लिहाजा यह सड़क न केवल गांवों को जोड़ने का कार्य करेगी बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति देगी। ग्रामीणों को बेहतर परिवहन सुविधा मिलेगी जिससे शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यापार के अवसर बढ़ेंगे।
कर्नल महान सिंह ने इसे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और संपर्क का माध्यम बताया जबकि सदस्य श्वेता सिंह ने कहा कि यह परियोजना ग्रामीण महिलाओं और बुजुर्गों के लिए भी राहत लेकर आएगी जो अब आसानी से अस्पताल, स्कूल और बाजार तक पहुंच सकेंगे। स्थानीय निवासियों ने कहा कि वर्षों से सड़क की मांग की जा रही थी और अब यह सपना साकार हो रहा है।