नेत्र जांच शिविर कठुआ में पहुंचे लोगसंवाद
कठुआ। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने दो दिवसीय निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर की शुरुआत की। शनिवार को शहर के कालीबड़ी स्थित निजी अस्पताल में आयोजित इस 13वें शिविर में नेत्र चिकित्सा सुविधा का लाभ लेने के लोगों की भीड़ उमड़ी रही।
शिविर का शुभारंभ डीसी राजेश शर्मा ने किया और शिविर के आयोजन के लिए वहां की गई व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने शिविर का आयोजन करने के लिए जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, एनआरआई नरेंद्र सिंह खालसा और अस्पताल प्रबंधन का आभार जताया। उनके आपसी सहयोग से इस शिविर का आयोजन संभव हो पा रहा है।
दो दिवसीय शिविर में मिलने वाली नेत्र चिकित्सा सेवा का लाभ लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग सुबह ही वहां पहुंच गए। उन्होंने पहले विशेषज्ञ डॉक्टरों से आंखों की जांच करवाई। पहले दिन पटियाला के मशहूर नेत्र चिकित्सक डॉ. मनप्रीत सिंह और टीम ने 540 लोगों के आंखों की जांच की। वहीं ऑपरेशन के लिए 295 लोगों का चयन किया गया। शाम से इन लोगों के ऑपरेशन की प्रकिया शुरू हो गई है।
जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान चरणजीत सिंह भोला ने कहा कि शिविर में अभी भी मरीजों की जांच और पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। ऐसे में शिविर का लाभ लेने वालों के अंतिम आंकड़े में बदलाव संभव है।
उद्घाटन समारोह में मौजूद मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना ने कहा कि जिले के ऐसे सैकड़ों लोग जो आर्थिक कारणों से आंखों का इलाज नहीं करवा पा रहे थे उन्हें इसका लाभ मिलेगा। उन्होंने अस्पताल के प्रबंधक डॉ. एके गुप्ता का विशेष आभार जताया जिन्होंने इस तरह के शिविर के आयोजन के लिए अपने अस्पताल की सभी ढांचागत सुविधा निशुल्क उपलब्ध कराई है।