जिला सचिवालय से सटे बाजार में दुकानदारों को हिदायत देते एडीसी संवाद
कठुआ। डीसी कार्यालय के आसपास के बाजार में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया जब प्रशासनिक टीम ने बाजार का दौरा किया। एडीसी कठुआ विश्वजीत सिंह की अगुवाई में निकली टीम ने खाने-पीने की दुकानों पर उपलब्ध खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और स्वच्छता की गहन जांच की। अचानक हुए निरीक्षण से कई दुकानदारों ने जल्दबाजी में अपना सामान हटाना शुरू कर दिया, वहीं कुछ ने प्रतिबंधित पॉलीथिन को छिपाने की कोशिश की।
टीम ने हलवाई की दुकानों पर जाकर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और निर्माण प्रक्रिया में स्वच्छता की समीक्षा की। मौके पर ही कई दुकानों से प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त किया गया। वहीं इस मौके पर फुटपाथ पर अपनी दुकानों को सजाने वाले दुकादारों को तुरंत अपना समान अंदर करने के लिए निर्देश जारी किए गए। एडीसी ने दुकानदारों को साफ चेतावनी दी कि यदि कोई नियमों का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एडीसी विश्वजीत सिंह ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य बाजार की व्यवस्था और स्वच्छता बनाए रखना है। उन्होंने दुकानदारों को निर्देश दिए कि वे अपनी दुकानों पर मिलने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दें और अतिक्रमण तुरंत हटाएँ। साथ ही उन्होंने शहरवासियों से अपील की कि किराएदार रखने या किसी को नौकरी पर रखने से पहले पुलिस वेरिफिकेशन अनिवार्य रूप से कराएं। आदेश का पालन न करने वालों पर भी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इसके अलावा एडीसी ने खाद्य सुरक्षा विभाग को निर्देश दिए कि समय-समय पर बाजार का निरीक्षण किया जाए और दुकानों पर मिलने वाली खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच की जाए ताकि लोगों को स्वच्छ और सेहतमंद सामग्री उपलब्ध हो सके। इस निरीक्षण के दौरान डीएसपी हेडक्वार्टर रविंद्र सिंह, नगर परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित शर्मा तथा खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।