डीसी ने की खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के क्रियान्वयन की समीक्षा
कठुआ। जिले में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करने के लिए जिला स्तरीय सलाहकार समिति की बैठक का आयोजन किया गया। शुक्रवार को आयोजित बैठक की अध्यक्षता डीसी राजेश शर्मा ने की। इस दौरान अधिनियम के प्रावधानों के सख्त अनुपालन और प्रवर्तन को मजबूत करने से जुड़े मुद्दों पर विचार किया गया।
बैठक में मदन लाल मागोत्रा, उपायुक्त खाद्य सुरक्षा प्रभाग जम्मू एवं नामित अधिकारी खाद्य सुरक्षा जिला कठुआ ने जिले की समग्र कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने निरीक्षण, सैंपल उठाने, अभियोजन, जुर्माने, खाद्य व्यवसाय संचालकों का पंजीकरण एवं लाइसेंसिंग, साथ ही मोबाइल फूड टेस्टिंग वैन के माध्यम से किए गए विश्लेषण की जानकारी साझा की।
उन्होंने बताया कि अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के उल्लंघन पर 14,04,000 रुपयों का जुर्माना लगाया गया है। जबकि समीक्षा अवधि के दौरान 917 निरीक्षण, 476 खाद्य नमूने उठाए गए और 62 दोषियों के खिलाफ अभियोजन शुरू किया गया।
बैठक में होटल एवं हॉस्पिटैलिटी उद्योग के खाद्य हैंडलर्स के प्रशिक्षण और पंजीकरण पर विशेष चर्चा हुई। यह निर्णय लिया गया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम को और व्यापक बनाया जाए ताकि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, स्कूलों में मिड-डे मील योजना से जुड़े कर्मचारी, उचित मूल्य की दुकानों के डीलर एवं उनका स्टाफ भी शामिल हो सके।
डीसी ने संयुक्त निरीक्षण और खाद्य पदार्थों के रैंडम सैंपलिंग पर जोर देते हुए कहा कि इससे उल्लंघनकर्ताओं को सख्त संदेश जाएगा। उन्होंने आम जनता में खाद्य सुरक्षा, स्वच्छता और मिलावट के प्रति अधिकतम जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर बल दिया। इसके साथ ही उन्होंने कृषि एवं संबद्ध विभागों को भी खाद्य सुरक्षा और स्वस्थ आहार के प्रचार-प्रसार में सक्रिय रूप से शामिल होने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को अपने कर्मचारियों को खाद्य सुरक्षा विभाग के माध्यम से प्रशिक्षित कराने और सार्वजनिक स्वास्थ्य हित में जारी सभी परामर्शों एवं निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में अन्य संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा हुई, जिन्हें डीसी कार्यालय के हस्तक्षेप से संबंधित विभागों के साथ उठाया जाएगा ताकि अधिनियम के सभी प्रावधानों का सुचारू और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके। इस अवसर पर एडीसी कठुआ विश्वजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के सदस्य भी उपस्थित रहे।