कठुआ। शहर के कैप्टन सुनील चौधरी चौक के पास शरारती तत्वों की ओर से कार तोड़ने का मामला सामने आया है। बीती रात होने वाली इस घटना के बारे में कार के मालिक सन्नी गुप्ता ने इसकी शिकायत पुलिस को दी है।
मंगलवार को लोहड़ी होने के कारण उन्हें किसी के घर जाना था लिहाजा वह दुकान से मोटरसाइकिल लेकर चले गए। रात को करीब 11 बजे जब वह ड्रीमलैंड पार्क से वापस आ रहे थे तो रास्ते में कुछ लोगों ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पहले तो उन्होंने मोटरसाइकिल धीमी कर ली लेकिन नजदीक पहुंचने पर उन्होंने देखा कि हाथ देने वाले लोगों ने चेहरे ढके हुए हैं। खतरे की आशंका देखते हुए उन्होंने मोटरसाइकिल तेज कर दी और वार्ड 7 की ओर आ गए। तब उन्हें पता चला कि उन्हें रास्ते में रोकने वाले लोग कार से उनका पीछा कर रहे हैं। उन्होंने मोटरसाइकिल ऐसी गलियों में मोड़ दी जहां कार नहीं जा सकती। उनसे जान बचाकर अपने घर पहुंचे थे तो उन्हें सूचना मिली कि कार पर आए कुछ लोगों ने दुकान के सामने खड़ी कार को तोड़ दिया है। सीसीटीवी फुटेज में जो कार उनका पीछा कर रही थी उसी कार से आए लोगों ने उनकी कार को तोड़ा है जिसका उन्हें पता चला है। लिहाजा उन्होंने इस मामले की जानकारी पुलिस को दी है।