कठुआ। बिजली विभाग में नियमित हुए अस्थायी कर्मचारियों ने पावर इंप्लाइज कोऑर्डिनेशन कमेटी के अध्यक्ष अजय टिक्कू को सम्मानित करने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया। लोगेट मोड़ स्थित निजी पैलेस में हुए इस आयोजन में वक्ताओं ने कहा कि जिले के 94 अस्थायी कर्मचारियों के नियमित होने का श्रेय टिक्कू और कमेटी को जाता है। उन्होंने उनके संघर्ष और नेतृत्व के लिए आभार जताया।
इस अवसर पर अजय टिक्कू ने कहा कि जम्मू‑कश्मीर पावर इंप्लाइज इंजीनियर कोऑर्डिनेशन कमेटी पिछले छह वर्षों से लगातार संघर्ष कर रही है। इसी प्रयास का परिणाम है कि बड़ी संख्या में अस्थायी कर्मचारियों को नियमित किया गया है। उन्होंने बताया कि अगले 15 दिनों में 150 से अधिक दैनिक वेतनभाेगी कर्मचारियों की सूची भी जारी होगी और जून तक और नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
टिक्कू ने कहा कि कमेटी का संकल्प है कि सरकार के साथ मिलकर कर्मचारियों के सभी मुद्दों को उठाया जाए चाहे वह दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की मृत्यु पर मुआवजा हो या उनके लिए रोजगार के अवसर सृजित करना।
उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि जिस तरह अन्य विभागों में नियमित कर्मचारियों को सुविधाएं मिलती हैं उसी तरह डेलीवेज कर्मचारियों के परिवारों को भी दुर्घटना या असामयिक मृत्यु की स्थिति में सहायता दी जाए।
उन्होंने बताया कि 2022 में भी विभाग में नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई थी और हाल ही में कश्मीर में 350 से अधिक कर्मचारियों को नियमित करने का आदेश जारी हुआ है। टिक्कू ने कहा कि पावर विभाग की विशेषता है कि यहां नियमों के आधार पर ही सब कुछ किया जाता है। यही कारण है कि बिना किसी पक्षपात के वरिष्ठता के आधार पर कर्मचारियों को उनका हक मिल रहा है। टिक्कू ने आश्वासन दिया कि जिन कर्मचारियों का अभी तक नियमितीकरण नहीं हुआ है उनके लिए भी रोडमैप तैयार किया गया है और उन्हें उनका अधिकार दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि चाहे कोई भी सरकार हो कमेटी नियमों और विनियमों के बाहर किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।