पुलिस मॉटियर्स टी-20 के आखिरी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में भाग लेते खिलाड़ी। संवाद
14वीं पुलिस मार्टियर्स नॉर्थ जोन टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप का क्वार्टर फाइनल मुकाबला करवाया
सेमीफाइनल में जगह पाने वाली चौथी टीम बनी साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर
कठुआ। 14वीं पुलिस मार्टियर्स नॉर्थ जोन टी-20 क्रिकेट चैंपियनशिप 2025-26 का चौथा क्वार्टर फाइनल मुकाबला साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर के नाम रहा। मंगलवार को चैंपियनशिप के आखिरी क्वार्टर फाइनल मुकाबले में विक्की इलेवन पठानकोट को 75 रन से करारी हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले को जीत कर साबी क्रिकेट क्लब हाेशियारपुर की टीम चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली चौथी टीम बन गई है।
साफ मौसम में जिला के स्पोर्ट्स स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी में हुए इस मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर ने निर्धारित 20 ओवरों में 4 विकेट खोकर 211 रन का स्कोर खड़ा किया। इसमें टीम के ध्रुव सिंह ने 38 गेंदों 6 चौके और 5 छक्के की मदद से 73 रन बनाए। सिद्धार्थ ने 21 गेंदों पर 37 रन का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी विक्की इलेवन पठानकोट की टीम 18.3 ओवर में 136 रन पर सिमट गई। इस पारी में टीम के दीपक ने 27 गेंदों पर 3 चौके और 4 छक्के लगाकर 39 रन और मनीष ने 18 गेंदों पर 24 रन बनाते हुए टीम की जीत के लिए संघर्ष किया। टीम के बाकी बल्लेबाज विकेट पर टिक नहीं सके। साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर को 75 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका अदा करने वाले ध्रुव सिंह को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
आयोजन कमेटी के सदस्यों ने बताया कि इस आखिरी मुकाबले के साथ सेमीफाइनल में पहुंचने वाली चार टीमों के नाम सामने आ गए हैं। इसमें हरियाणा क्रिकेट अकादमी, चैंपियन क्रिकेट अकादमी, शिवा क्रिकेट क्लब लुधियाना और साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर टीमें शामिल हो गईं। अब बुधवार को प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मुकाबला हरियाणा क्रिकेट अकादमी और चैंपियन क्रिकेट अकादमी के बीच खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला वीरवार को शिवा क्रिकेट क्लब लुधियाना और साबी क्रिकेट क्लब होशियारपुर के बीच खेला जाएगा।