लखनपुर स्थित आरटीओ कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आंखों की जांच करता नेत्र चिकित्सक। संवाद
कठुआ। जिले में जारी सड़क सुरक्षा माह के तहत परिवहन विभाग की ओर से वाहन चालकों के स्वास्थ्य जांच शिविर के आयोजन का क्रम जारी है। मंगलवार को विभाग के लखनपुर स्थित कार्यालय में निशुल्क चिकित्सा जांच शिविर का आयोजन किया। इसमें हाईवे पर चलने वाले वाहन चालकों के स्वास्थ्य की जांच करने के उन्हें दवाएं भी वितरित की गई।
आरटीओ कठुआ सुरेंद्र पाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में जीएमसी डीआईसी मुश्ताक अहमद विशेष रूप से मौजूद रहे। उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए परिवहन विभाग की ओर से शिविर का आयोजन किए जाने की सराहना ही। स्वास्थ्य विभाग ने वहां आने वाले वाहन चालकों के ब्लड प्रेशर, शुगर व आंखों की जांच कर उन्हें सलाह दी। आरटीओ ने चालकों को सड़क पर वाहन चलाते संयम सुरक्षा के सभी मानकों को पूरा करते हुए वाहन चलाने की सलाह दी।
इस मौके पर आरटीओ कठुआ सुरेंद्र पाल शर्मा ने कहा कि हर वर्ष नेशनल रोड सेफ्टी माह मनाया जाता है। पहले इसे रोड सेफ्टी वीक के रूप में आयोजित किया जाता था लेकिन सड़क दुर्घटनाओं की बढ़ती गंभीरता को देखते हुए सरकार ने इसे माहभर चलाने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि 1 जनवरी से ही कार्यक्रमों की शुरुआत की गई है। इसके तहत इस तरह के कार्यक्रम लगातार जारी है। इस मौके पर विभाग के कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।