मवेशी तस्करी के खिलाफ महानपुर में सड़क पर उतरे लोगों को शाम कराते थाना प्रभारी बसोहली। स्रोत ज
कठुआ। जिले में लखनपुर वाया धार रोड से हो रही मवेशियों की तस्करी को लेकर स्थानीय लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार को महानपुर में दर्जनों युवाओं ने सड़क पर उतरकर प्रदर्शन किया और पुलिस प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया।
प्रदर्शन का नेतृत्व महानपुर के पूर्व सरपंच सोनू गुप्ता ने किया। युवाओं ने महानपुर डिग्री कॉलेज के पास सुबह करीब 11 बजे सड़क जाम कर दी जिससे वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई। पुलिस जवानों ने बार-बार मार्ग छोड़ने का अनुरोध किया लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे और मवेशी तस्करी रोकने की कार्रवाई की मांग करते रहे।
करीब ढाई घंटे तक चले इस जाम के दौरान माहौल तनावपूर्ण रहा। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी बसोहली स्वर्ण सिंह मन्हास मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से संवाद किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मार्ग से गुजरने वाले हर वाहन की जांच की जाएगी। इसके बाद दोपहर करीब सवा एक बजे प्रदर्शनकारियों ने मार्ग खोल दिया और जाम में फंसे लोगों ने राहत की सांस ली।
इस मौके पर सोनू गुप्ता ने कहा कि बीती रात स्थानीय युवाओं ने एक महिंद्रा पिकअप से हो रही मवेशी तस्करी को असफल बनाया। वाहन में मवेशियों को निर्दयता से बांधा गया था, जो निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि लखनपुर से चलने वाले ऐसे वाहनों को बीच-बीच में मौजूद पुलिस नाकों पर क्यों नहीं रोका जाता, यह गंभीर चिंता का विषय है। गुप्ता ने बताया कि जब युवाओं ने पिकअप को रोकने का प्रयास किया तो चालक ने वाहन की गति और तेज कर दी जिससे युवाओं की जान पर बन आई। पीछा करते हुए उन्होंने वाहन को बेरल में पकड़ लिया। उन्होंने कहा कि यह वाहन लखनपुर से बेरल तक पहुंचा लेकिन बीच में कहीं रोका नहीं गया। इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस की ओर से दिए गए आश्वासन के बावजूद मवेशी तस्करी पर रोक नहीं लगी तो आने वाले दिनों में परिणाम गंभीर होंगे। स्थानीय लोगों ने साफ कहा कि अब वे इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठेंगे और तस्करी रोकने के लिए आंदोलन को और तेज करेंगे।