शहर के मुखर्जी चौक स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में उपस्थित संगत। संवाद
कठुआ। श्री गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर शहर के मुखर्जी चौक स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में विशेष समागम का आयोजन किया। जिला स्तर पर आयोजित होने वाले विशेष कार्यक्रम में बड़ी संख्या में संगत ने भाग लिया। इस मौके पर रागी जत्थों ने गुरु की महिमा का गुणगान कर संगत को निहाल किया। श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश झुकाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।
सोमवार की सुबह अखंड पाठ के बाद गुरुद्वारा साहिब में दीवान सजाया गया। यहां रागी जत्था ने गुरु की महिमा का बखान किया। इसमें पटियाला से आए रागी जत्था भाई विश्वदीप सिंह के अलावा स्थानीय रागी जत्था भाई दलजीत सिंह ने शबद कीर्तन कर गुरु की महिमा का बखान किया। लुधियाना से आए प्रचारक प्रीतम सिंह ने संगत का मार्गदर्शन करते हुए सिख धर्म के इतिहास से संगत को रूबरू करवाया। उन्होंने कहा कि मानवता की रक्षा के लिए सिख गुरु का बलिदान हमेशा आदरणीय रहा है। हमें अपने गुरुओं के दिखाए मार्ग को अपनाकर बेहतर समाज के निर्माण में योगदान देने की जरूरत है। कार्यक्रम के दौरान युवा संगत ने जोड़ों की सेवा निभाई। ठंड से राहत देने के लिए गर्म चाय का स्टाल लगाकर लोगों की सेवा की गई। कार्यक्रम के अंत में गुरुद्वारा साहिब में गुरु के लंगर लगाया गया। बड़ी संख्या में संगत ने प्रसाद ग्रहण किया। इस मौके पर विधायक डॉ. भारत भूषण के अलावा पूर्व बिजली मंत्री बाबू सिंह, नगरी ब्लॉक से जिला विकास परिषद सदस्य संदीप मजोत्रा, तहसीलदार कठुआ डॉ. विक्रम कुमार और डीएसपी हेडक्वार्टर रविंदर सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी प्रधान चरणजीत सिंह भोला ने सभी को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इस दौरान जिला गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के महासचिव प्रवीण सिंह, उप प्रधान कुलदीप सिंह, कोषाध्यक्ष दलजीत सिंह, हरभजन सिंह, कश्मीर सिंह और भूपेंद्र सिंह मौजूद रहे।
शहर के मुखर्जी चौक स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में उपस्थित संगत। संवाद
शहर के मुखर्जी चौक स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा में उपस्थित संगत। संवाद