शहर के मुखर्जी चौक में रक्तदान करता पुलिस कर्मी। संवाद
जेके ब्लड डोनर्स एंड वेलफेयर सोसायटी की ओर से किया गया आयोजन
कठुआ। गुरु गोबिंद सिंह के प्रकाश पर्व पर जेके ब्लड डोनर्स एंड वेलफेयर सोसायटी की ओर से 65वें रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। सोमवार को शहर के डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी चौक में आयोजित शिविर में कुल 100 रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की। सुबह अहम इस शिविर में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और दूसरों का जीवन बचाने के लिए रक्तदान किया।
जीएमसी जम्मू और जीएमसी कठुआ के सहयोग से आयोजित शिविर का शुभारंभ डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा जीवनदान है और हर व्यक्ति को इसमें भाग लेना चाहिए। शिविर का संचालन जिला विकास परिषद सदस्य संदीप मजोत्रा की देखेरख में हुआ। इस अवसर पर विधायक कठुआ डॉ. भारत भूषण, तहसीलदार कठुआ विक्रम कुमार, कठुआ सिटी थाना प्रभारी संदीप चिब मौजूद रहे।
इस मौके पर आम युवाओं के साथ महिलाओं ने भी रक्तदान किया। वहीं, सरदार पृथीनंदन सिंह पुलिस ट्रेनिंग स्कूल कठुआ की प्रिंसिपल मंजीत कौर की अध्यक्षता में डीएसपी दिलजीत सिंह और इंस्पेक्टर एनएस जसरोटिया 20 जवानों के साथ विशेष रूप से शिविर में उपस्थित रहे और रक्तदान भी किया।
संस्था के वरिष्ठ सदस्य संदीप मजोत्रा ने बताया कि उनकी संस्था पिछले कई वर्षों से रक्तदान शिविर आयोजित करती आ रही है और अब तक लगभग पांच हजार यूनिट रक्तदान लोगों के सहयोग से किया जा चुका है। शिविर में 100 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ जिसमें से 38 यूनिट जीएमसी कठुआ और 62 यूनिट जीएमसी जम्मू को भेजा गया। कार्यक्रम के समापन पर संस्था के संस्थापक मलकीत सिंह ने गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी कठुआ, सभी रक्तदाताओं और स्वयंसेवकों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि रक्तदान जीवनदान देने वाली सेवा है और समाज के हर व्यक्ति को इसमें भाग लेना चाहिए। यह आयोजन न केवल गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश उत्सव को समर्पित रहा बल्कि समाज में सेवा और सहयोग की भावना को भी मजबूत करने वाला साबित हुआ।