फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kathua News: हिंदू सम्मेलन... बनी से चांदल तक निकाली बाइक रैली

Mon, 05 Jan 2026 12:49 AM IST
जम्मू और कश्मीर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कठुआ
विज्ञापन
हिंदू सम्मेलन से पूर्व बनी से बाइक रैली निकालते युवा। जागरूक पाठक
विज्ञापन
कठुआ। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में देशभर में आयोजित हो रहे हिंदू सम्मेलनों की शृंखला के तहत जिला के पहाड़ी उपमंडल बनी की चांदल पंचायत में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया।
विज्ञापन

गांव के नाग मंदिर में आयोजित इस सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ बसोहली के जिला संचालक सूर्या ने लोगों से एकजुट रहने की अपील की। इस अवसर पर एकल विद्यालय बनी संच और चांदल संच के विद्यार्थियों ने देशभक्ति की प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को भव्य बनाया। रविवार को आयोजित सम्मेलन से पूर्व युवाओं ने बनी से चांदल तक बाइक रैली निकाली। इस दौरान युवाओं ने भारत माता और प्रभु श्रीराम के जयघोष के साथ अपना उत्साह प्रदर्शित किया जिससे पूरा वातावरण गूंज उठा। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के समक्ष दीप प्रज्वलन और पूजन से हुआ। अध्यक्षता कर रहे मदन ने अपने संबोधन में मुगल साम्राज्य के उदय के समय हिंदुओं पर हुए आक्रमण और सामाजिक विघटन की जानकारी दी।
मुख्य वक्ता सूर्या ने समाज से जाति-पात की भावना त्यागने और एक मजबूत सनातन समाज के निर्माण की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी हिंदू को अपवित्र नहीं माना जा सकता, सभी पवित्र हैं। उन्होंने अखंड भारत की अवधारणा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि लगातार आक्रमणों के चलते हमारा विशाल भारत संकुचित हो गया है लेकिन अब समय आ गया है कि हम जाति, पंथ और रंग-रूप के भेद से ऊपर उठकर केवल हिंदू होने को अपना गौरव बनाएं।
विज्ञापन

महिला वक्ता मनीषा देवी ने अपने संबोधन में पंच परिवर्तनों परिवार प्रबोधन, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समरसता, स्व का बोध और नागरिक कर्तव्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि समाज को अपने कर्तव्यों का पालन पूरी जिम्मेदारी से करना चाहिए ताकि बिगड़ी हुई व्यवस्था सुधर सके। उन्होंने बताया कि संघ पिछले 25 वर्षों से इन पांच परिवर्तनों के माध्यम से समाज में जनजागरण का कार्य कर रहा है।
अंत में विशाल सहभोज का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 1 हजार लोगों ने बिना किसी भेदभाव के शामिल होकर अपनी एकता को मजबूत किया।
इसी तरह हीरानगर के पथवाल गांव स्थित गौशाला में हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पूज्य गंगाधर शास्त्री जी महाराज उपस्थित रहे, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक अनुराग मुख्य वक्ता रहे। इस दौरान संतों ने उपस्थित समाज को अपने-अपने आशीर्वचन दिए। महंत मोहन गिरी जी ने कहा कि यदि संघ न होता तो हम हिंदू भाव को भूल चुके होते। संत संजय शास्त्री जी ने कहा कि हम ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य या अनुसूचित नहीं, बल्कि सबसे पहले हिंदू हैं। पूज्य संत शांति गिरी जी ने जम्मू-कश्मीर को त्याग और बलिदान की धरती बताते हुए इसे देशभक्तों की भूमि कहा।
मुख्य वक्ता अनुराग ने समाज से जातिवाद समाप्त करने और हिंदू भाव जगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब-जब हिंदू कमजोर हुआ है, संविधान खतरे में पड़ा है। इतिहास गवाह है कि कश्मीर और पहलगाम में आक्रमणों के चलते समाज को भारी नुकसान हुआ। उन्होंने कहा कि शांति से क्रांति नहीं आएगी, बल्कि क्रांति से ही शांति आएगी।
अनुराग ने माताओं से आह्वान किया कि वे जानकी, अपाला, गार्गी, मैत्रेयी, सावित्री और जीजाबाई जैसी शक्ति का परिचय दें। उन्होंने कहा कि माताओं में वह सामर्थ्य है जो राम, कृष्ण, शिवाजी और विवेकानंद जैसे महापुरुषों को जन्म दे सकती है। उन्होंने समाज को लव जिहाद, भूमि जिहाद और नशा जिहाद जैसी चुनौतियों से लड़ने के लिए तैयार रहने की आवश्यकता बताई। साथ ही धर्म परिवर्तन रोकने के लिए साहिबजादों के बलिदान को याद करते हुए सनातन परंपरा की रक्षा का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि गंगाधर शास्त्री जी महाराज ने कहा कि हमें श्री हनुमान जी की तरह जागृत रहना होगा और छत्रपति शिवाजी महाराज के गुरु समर्थ रामदास जी की तरह हर घर में शिवाजी की भावना जगानी होगी। कार्यक्रम का समापन भारत माता की आरती के साथ हुआ।

हिंदू सम्मेलन से पूर्व बनी से बाइक रैली निकालते युवा। जागरूक पाठक

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें