रामकोट। तहसील में शनिवार शाम को तूफान से रामकोट में 15 घंटे से अधिक समय तक बिजली आपूर्ति ठप रही। तूफान से कई जगह खंभे टूट गए। शनिवार शाम को ठप हुई बिजली आपूर्ति रविवार सुबह बहाल हुई।
बिजली विभाग के कर्मचारियों ने लाइनों को दुरुस्त किया। इसके साथ ही तूफान से कई जगह कच्चे मकानों की टिन उड़ जाने से परिवार जनों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। रामकोट के भूल में विजय कुमार के घर की छत से टिन उड़ जाने से रात भर परिवार जनों को खुले आसमान की छत में बैठना पड़ा। इसके साथ ही तेज बारिश से घर में पड़े अनाज, कपड़े और अन्य कीमती सामान भी भीग जाने से परिवार को नुकसान उठाना पड़ा। रामकोट के भूल में ही जगदीश सिंह के घर की भी टिन उड़ जाने से घर में पड़ा कीमती सामान बारिश में भीग गया। पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कर मुआवजे की मांग रखी। इसके साथ ही लाखड़ी में भी तूफान से दो गरीब परिवारों के घर से टिन उड़ जाने से उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ा।