कठुआ। पहलगाम घटना के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए स्थगित की गई अंतर स्कूल जोन स्तरीय खेल प्रतियोगिता फिर से शुरू हो गई है। वीरवार को प्रतियोगिता के तहत कठुआ जोन के मुकाबले मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ और जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम में करवाए गए।
जोनल फिजीकल एजुकेशन ऑफिसर सुरचिता मेहता की देखरेख में आयोजित होने वाली दूसरे दिन की खेल गतिविधियों में अंडर-14 और अंडर-17 आयु वर्ग के तहत कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और फुटबॉल के मुकाबले करवाए गए। जिसमें पूरे जोन से आए 400 प्रतिभागियों ने भाग लिया।
प्रतियोगिता में लड़कों की कबड्डी का फाइनल मुकाबला मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ के नाम रहा, जिसने लिटिल एंजेल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल की टीम को 15 अंकों के अंतर से मात दी। खो-खो में सरकारी हाई स्कूल भेड़-बलोड़ की टीम ने जीत दर्ज की। इस फाइनल में मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल कठुआ को एक पारी और 4 अंकों के बड़े अंतर से हार का सामना करना पड़ा।
प्रतियोगिता में लड़कों के अंडर-14 बैडमिंटन के फाइनल में आर्मी पब्लिक स्कूल ने 2-1 के अंतर से नवआदर्श हायर सेकेंडरी स्कूल को हराया। अंडर-17 आयु वर्ग में भी आर्मी पब्लिक स्कूल की टीम ने सेंट जेवियर्स कान्वेंट स्कूल को 2-0 से मात दी। प्रतियोगिता के दौरान फुटबाल टीम के ट्रायल का आयोजन भी किया गया। जिसमें लड़को और लड़कियों की टीम के 16-16 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
कबड्डी में मिडिल स्कूल करडोह ने जीती ट्रॉफी
उधर, हाईस्कूल गैतरवां में लखनपुर जोन की अंतर स्कूल खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जारी प्रतियोगिता के तीसरे दिन अंडर-14 आयु वर्ग में लड़कियों के खो-खो, रेसलिंग, वालीबॉल, बैडमिंटन और कबड्डी के मुकाबले करवाए गए। इसमें पूरे जोन से आए 226 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के तहत होने वाले कबड्डी मुकाबले का फाइनल मिडिल स्कूल करडोह के नाम रहा। खो-खो के फाइनल मुकाबले में हाईस्कूल जंगलाेट की टीम ने सरकारी मिडिल स्कूल जगतपुर को मात दी है।