कठुआ। बसोहली के सरकारी मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में जोन स्तरीय अंतर स्कूल खेल प्रतियोगिता जारी है। जिला युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की ओर प्रतियोगिता के तहत योग और एथलेटिक्स के मुकाबले करवाए गए। इसमें पूरे जोन से आए 714 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
जोनल फिजीकल एजुकेशन अफसर बसोहली तारा सिंह की देखरेख में होने वाले इन मुकाबलों के दौरान अंडर-14 आयु वर्ग में 100 मीटर रेस में सरकारी मिडिल स्कूल बसोहली के विद्यार्थी साहिल पहले स्थान पर रहे, जबकि अंडर-17 आयु वर्ग में सौ मीटर रेस में वीर सावरकर हायर सेकेंडरी स्कूल के रितिक ठाकुर ने पहला स्थान हासिल किया। इसी तरह अंडर-14 आयु वर्ग में दो सौ मीटर रेस में वीर सावरकर हायर सेकेंडरी स्कूल के भार्गव बलोत्रा व अंडर-17 आयु वर्ग में मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल के अमित कुमार ने पहला स्थान हासिल किया। जेवेलिन थ्रो के अंडर-14 आयु वर्ग में वीर सावरकर हायर सेकेंडरी स्कूल के कृष ने पहले स्थान पर कब्जा जमाया।