कठुआ। वर्ष प्रतिपदा की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की ओर से अपने सेवा कार्य का शुभारंभ किया गया। शनिवार को जिला सह श्रमिक प्रमुख संदीप सिंह, नगर सह सेवा प्रमुख देवेंद्र, राकेश और अनुभव की अगुवाई में इसका शुभारंभ पौधरोपण के साथ किया गया। शहर के गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के मुख्य शिक्षा अधिकारी मंगत राम शर्मा, स्कूल के प्रधानाचार्य मंगल सिंह और मॉडल ब्वायज हायर सेकेंडरी स्कूल के प्रधानाचार्य ताराचंद शर्मा ने हिस्सा लिया। जिन्होंंने स्कूल परिसर में चिनार का पौधा लगाकर कार्यक्रम की शुरूआत की। उन्होंने समाज की सेवा के लिए संघ के स्वयंसेवियों के प्रयासों को भी सराहा।
इस मौके पर जिला सह श्रमिक प्रमुख ने राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के माध्यम से चलाए जाने वाले सेवा कार्य के बारे जानकारी देते हुए बताया कि नूतन वर्ष में स्वयंसेवी इस परंपरा की ओर अग्रसर रहेंगे। आज इसका शुभारंभ किया गया। उन्होंने कहा कि अभी का मौसम पौधरोपण के अनुकूल न होने के कारण अभी एक ही पौधा लगाया गया। बरसात के दिनों में पूरे परिसर में पौधरोपण किया जाएगा।