कठुआ। शहर के वार्ड नंबर 12 में दिनदहाड़े चोरी के प्रयास को स्थानीय लोगों ने विफल कर दिया। बुधवार की दोपहर चोरी करने आए दो आरोपियों को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। वहीं पुलिस ने इस मामले में युवकों द्वारा लाई गई मोटर साइकिल को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
चोरी का प्रयास जिस घर में किया जा रहा था, उसके मालिक बोधराज ने बताया कि वह खुद एक टेंट हाउस में काम करते हैं। उनकी पत्नी औद्योगिक क्षेत्र स्थित निजी इकाई में काम करती है और उनका बेटा स्कूल गया था। लिहाजा दिन में उनके घर पर कोई नहीं था। दोपहर में बाइक पर आए दो लोगों ने उनके घर पर लगे ताले तोड़ दिए और अंदर ट्रंक को खोलकर सामान की तलाशी ले रहे थे। तभी इत्तेफाक से उनका बेटा स्कूल से घर आ गया। घर के अंदर घुसने पर उसने जब अज्ञात लोगों को तलाशी करते हुए देखा तो उन्हें ललकारा। इसके बाद दोनों ने उनके बेटे पर हमला कर दिया और वहां से फरार होने का प्रयास करने लगे। इस पर बेटे ने शोर मचाया। इसके बाद लोग इकट्ठे हो गए और चोरों को दबोच लिया। बोधराज ने बताया कि उनके घर में रखी करीब 10 हजार नगदी व कुछ आभूषण गायब हैं।