कठुआ। अतिरिक्त उपायुक्त रंजीत सिंह ने डीसी कार्यालय परिसर में आयोजित एक बैठक में शिक्षा क्षेत्र के विभिन्न कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान लोहाई हाई स्कूल इमारत निर्माण की 52 लाख की बकायादार समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
जिले में चल रहे शिक्षा विभाग के 250 कार्याें में से 70 फीसदी कार्य पूरे कर लिए गए हैं। इनमें ज्यादातर बाउंड्री वॉल, शौचालय, एसीआर और लैब से संबंधित काम थे। बैठक में बताया गया कि लंबित कार्यों को तय समय सीमा के भीतर पूरा करने के लिए काम जारी है।
एडीसी ने विभिन्न क्रियान्वयन एजेंसियों द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों की व्यापक समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्य को तेज करने के निर्देश दिए ताकि इसे समय-सीमा के भीतर पूरा किया जा सके। एडीसी ने कार्यकारी एजेंसियों से सभी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्ति निर्माण सुनिश्चित करने के साथ-साथ संबंधित जेडईओ को यह सुनिश्चित करने के लिए कार्यों की नियमित निगरानी करने का भी आह्वान किया कि गुणवत्तापूर्ण परिसंपत्तियां बनाई जा सकें। बैठक में सीपीओ कठुआ रंजीत ठाकुर, सीईओ कठुआ मंगत राम, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी बसोहली, ज़ेडईओ और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।