बिलावर। भड्डू गांव के खेल मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता जारी है। रविवार को प्रतियोगिता में खेले गए मैच में रॉयल क्रिकेट क्लब बिलावर की टीम ने रामबन की टीम को 16 रनों से हराकर प्रतियोगिता के अगले दौर में प्रवेश कर लिया।
रामबन के कप्तान ने टॉस जीतकर क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया और रॉयल क्रिकेट क्लब बिलावर की टीम को बल्लेबाजी करने के लिए आमंत्रित किया। निर्धारित 20 ओवर के मैच में बिलावर की टीम के बल्लेबाजों ने अच्छी बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया और टीम 20वें ओवर में 169 रन बनाकर आउट हो गई। बिलावर के बल्लेबाज करुण शर्मा ने सर्वाधिक 61 रन बनाए वहीं बल्लेबाज शेखर ने 26 रनों का योगदान दिया।
रामबन के गेंदबाज अरविंदर ने सर्वाधिक चार विकेट लिए। 170 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी रामबन की टीम के सलामी बल्लेबाजों ने अच्छी शुरुआत की लेकिन मध्यम क्रम के बल्लेबाज अच्छी बल्लेबाजी का प्रदर्शन नहीं कर सके और निर्धारित 20 ओवर के मैच में रामबन की टीम ने 8 विकेट गंवाकर 153 रन बनाए। रॉयल क्रिकेट क्लब बिलावर की टीम ने 16 रनों से मैच जीत कर प्रतियोगिता के अगले दौर मे प्रवेश कर लिया।
रामबन के बल्लेबाज शोएब ने 64 रन बनाए वहीं बिलावर के गेंदबाज करुण ने तीन विकेट और पवन राजपूत ने तीन विकेट हासिल किए। मैच में बिलावर के खिलाड़ी करुण शर्मा ने 61 रन बनाए और तीन विकेट चटकाए। सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए उसे मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया। आयोजक नितिन मस्की और नमन खजूरिया ने बताया कि भड्डू प्रीमियर लीग क्रिकेट प्रतियोगिता में सोमवार को अगले दौर के मैच खेले जाएंगे।