कठुआ। राजकीय महिला डिग्री कॉलेज में जारी एनएसएस शीतकालीन शिविर के तीसरे दिन स्वयंसेवकों ने कॉलेज परिसर में एनएसएस कॉर्नर विकसित करने में अपना योगदान दिया। प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर सीमा जॉली के संरक्षण और एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रितु कुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित गतिविधि के दौरान स्वयंसेवियों ने सौंदर्यीकरण के लिए समर्पित प्रयास किया।
इस दौरान चलाए गए व्यापक सफाई अभियान के बाद स्वयंसेवियों ने एनएसएस कॉर्नर के एक कोने में एक विशेष मंच भी बनाया। यहां पत्थरों का उपयोग करके जीडीसीडब्ल्यू कठुआ कलात्मक रूप से उकेरा गया। इस प्रयास से उक्त स्थान कॉलेज में एक आकर्षक और सार्थक स्थान बन गया। वहीं, इस दौरान सौंदर्य और पर्यावरणीय मूल्य को बढ़ाने के लिए स्वयंसेवियों ने फूलों के पौधे लगाए।