फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Kathua News: कश्मीरी फेरीवालों के कमरे में लगाई सेंध 2.20 लाख रुपये और माल ले गए चोर

विज्ञापन
शहर में हुई चोरी मामले की जानकारी देते लोग। - फोटो : kathua news
विज्ञापन
कठुआ। शहर में लगातार हो रही चाेरियों का सिलसिला थमने का नाम नही ले रहा है। पिछले चौबीस घंटों के दौरान वार्ड 7 में चोरों ने दिनदहाड़े गर्म कपड़ों के कश्मीरी फेरी वालों के बंद पड़े कमरे का ताला तोड़ कर 2.20 लाख रुपये नकद और 40 हजार का माल चुरा लिया।
विज्ञापन

वार्ड 7 में हुई चोरी के पीड़ित शब्बीर अहमद ने बताया कि वह कुपवाड़ा के रहने वाले हैं और हर साल सर्दियों के मौसम में यहां शॉल व अन्य गर्म कपड़ों की फेरी का काम करने के लिए साथियों के साथ आते हैं। मंगलवार की सुबह वह और उनके अन्य साथी रोज की तरह अपनी फेरी लगाने के लिए गए हुए थे। शाम करीब 4 बजे के आसपास स्थानीय लोगों ने उन्हें मकान का ताला टूटा होने की सूचना दी। इसके बाद वह आनन-फानन में वहां पहुंचे तो देखा कि चोर उनका काफी नुकसान कर चुके थे। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी है।
उन्होंने बताया कि उनके इस कारोबार में उनके अलावा चार अन्य साथी भी हैं जो आपसी सहयोग से एकत्र किए गए दस लाख की लागत से माल लाए थे, ताकि सर्दी के सीजन में उसे बेच कर अपने परिवार की रोटी चला पाएं। इस घटना में उनका मकान में रखा गया 2 लाख 20 हजार रुपये नकद और करीब 40 हजार का माल चोर अपने साथ ले गए हैं।
विज्ञापन

डिग्री कॉलेज पास खड़ा वाहन भी चोर ले गए
इसके अलावा राजकीय डिग्री कॉलेज के सामने वार्ड एक में स्थित प्लाट में खड़ी मोहिंद्र बोलेरो पिकअप भी चोर अपने साथ ले गए। पिकअप लेंटर डालने वाले उन मजदूरों की थी, जो छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। वर्तमान वह वार्ड सात में डिग्री कॉलेज के सामने खाली पड़े प्लाट में झुग्गियां बनाकर रह रहे हैं। गाड़ी की मालकिन हेमा ने बताया कि रात को काम से लौटने के बाद उन्होंने अपनी महिंद्रा पिकअप को खाली पड़े प्लाट में खड़ा किया था। सुबह उन्होंने गाड़ी न देखकर इसकी सूचना पुलिस थाने में दी। उन्होंने बताया कि चोरी की वारदात को मंगलवार रात डेढ़ बजे अंजाम दिया गया। इस बात की तस्दीक पास के एक मकान में लगे सीसीटीवी फुटेज से हुई है। दो गाड़ियों के बीच लगी महिंद्रा पिकअप को चोरों ने पहले पीछे किया और फिर मौके से फरार हो गए।
शहर में लगातार होने वाली इस तरह की चोरी का घटनाओं से लोगों का पुलिस के सुरक्षा तंत्र पर विश्वास उठता जा रहा है। गुरमीत सिंह का कहना है कि जिला पुलिस प्रमुख आए दिन होने वाली चोरी की घटनाओं से बचने के लिए लोगों को सीसीटीवी कैमरे लगाने की नसीहत देते हैं। मंगलवार की आधी रात की यह घटना सीसीटीवी में कैद हो चुकी है। इसी तरह वार्ड 9 में गत दिनों कन्फेक्शनरी आइटम से लदी वैन की चोरी की घटना की वीडियो फुटेज मौजूद है, लेकिन इन दोनों ही मामलाें में पुलिस चोरों पर काबू पाने में नाकाम साबित हो रही है। अब तो चोर दिनदहाड़े भी चोरी की घटनाओं को अंजाम देने लेगे हैं। वार्ड 7 में कश्मीर से आए शॉल व्यापारियों के मकान में लूट कुछ ऐसे उदाहरण है जो लोगों को अपनी सुरक्षा के लिए चिंतिंत करते हैं।

-
इधर, अन्य चोरी के मामले में पुलिस को चेतावनी
उधर फुट ब्रिज के पास गली में कन्फेक्शनरी के सामान से लदी कार के चोरी के मामले को लेकर पीड़ित रमेश लाल के परिवार के लोगों ने पुलिस से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस को ईको-वैन की चोरी की फुटेज भी सौंपी और जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर पुलिस ने जल्द सक्रियता दिखाते हुए उनकी वैन को बरामद नही किया तो मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ेगा। लिहाजा पुलिस जल्द चोरों को दबोचे।
-

सप्ताह भर में तीन गाड़ियों सहित एक ट्राली हो चुकी है चोरी

एक सप्ताह में यह चौथी गाड़ी शहर से चोरी हो गई है। दो दिन पहले फुट ब्रिज के पास गली में खड़ी ईको वैन पर चोरों ने हाथ साफ किया था। बीते वीरवार को चोर चक देसा सिंह में निर्माणाधीन घर के बाहर खड़ी ट्रैक्टर ट्राली ले उड़े थे। कुछ दिन पहले ही इजी-डे के सामने महिंद्रा गाड़ी चोरी हो चुकी है। बीते दो दिन पहले सीटीएम औद्योगिक इकाई के सामने एक दुकान को चोरों ने निशाना बनाया था। इसके अलावा राजकीय मेडिकल कॉलेज के बाहर से एक ट्रक सहित दो मोटर साइकिल भी चोरी हो चुके हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें