कठुआ। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कालीबड़ी के पास ओवरटेंकिंग के दौरान वोल्वो बस और ट्रक के बीच टक्कर हो गई। हालांकि इस दौरान ट्रक चालक की सूझबूझ से किसी को कोई नुकसान नही हुआ है। हालांकि वोल्वो की टक्कर से ट्रक को नुकसान हुआ है। वीरवार दोपहर बाद हुई इस घटना के बाद हुए विवाद के चलते वहां काफी लोग जमा हो गए। इस बीच कुछ लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करवा दिया।
ट्रक के चालक ने बताया कि वह हाईवे पर अपनी सामान्य गति से चल रहा था। इस बीच पीछे से आई वोल्वो ने पहले उसे ओवरटेक किया और उसकी दिशा में मुड़ गया। टक्कर से बचने के लिए उसे तेजी से ब्रेक लगाने पड़े, लेकिन तब तक उसके ट्रक का एक हिस्सा वोल्वो से टकरा गया। जिससे उसके ट्रक को हल्का नुकसान भी हुआ है।
ट्रक चालक के अनुसार गनीमत रही कि उसका ट्रक खाली था जिसके कारण ब्रेक लगाने पर ट्रक रुक गया। अगर ट्रक पूरी तरह से लोड होता तो इतनी तेजी से ब्रेक लगाए जाने पर उसका पलटना तय था। जो हाइवे पर चलने वाले किसी वाहन को भी अपनी चपेट में ले सकता था।