कठुआ। एनसीसी दिवस की पूर्व संध्या पर राजकीय डिग्री कॉलेज में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन जारी है। शनिवार को कॉलेज परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई, जिसमें एनसीसी कैडेट ने भाग लेकर शहर में लोगों को रक्तदान के लिए जागरूक किया।
कॉलेज की प्रधानाचार्य प्रो. सीमा मीर के मार्गदर्शन में निकल गई इस रैली से रैंक अलंकरण समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें कैडेट को उनके नए रैंक से अलंकृत किया गया। इसके बाद कॉलेज परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई। जिसे भू-विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. संजय कारलुपिया ने झंडी दिखाकर रवाना किया। कॉलेज रोड से निकाली गई रैली में शामिल कैडेटों ने अपने स्लोगन और पोस्टरों के माध्यम से लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
वहीं, इसके बाद शहीद कैप्टन सुनील चौधरी के स्मारक स्थल पर पुष्पांजलि समारोह का आयोजन किया गया। जहां कैडेट और संकाय सदस्यों के साथ देश की रक्षा के लिए अपने सर्वोच्च बलिदान देने वाले बलिदानियों को श्रद्धांजलि दी गई।
अपने संदेश में कॉलेज की प्रधानाचार्य ने एनसीसी इकाइयों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि लोगों का कीमती जीवन बचाने में रक्तदान की महत्वपूर्ण भूमिका है। लिहाजा कैडेट का प्रयास सराहनीय है।