कटली में दंगल की शुरुआत करवाते दंगल कमेटी के सदस्य। स्रोत दंगल कमेटी।
कटली में आयोजित दंगल में पहलवानों ने दिखाया दमखम
संवाद न्यूज़ एजेंसी
बिलावर। कटली में आयोजित वार्षिक दंगल में पंजाब मलेरकोटला के अब्दुल गनी पहलवान ने बिलावर उप जिले के मोहम्मद हफीज पहलवान को हराकर दंगल पर कब्जा जमा लिया। इसका शुभारंभ दंगल थाना प्रभारी मल्हार इंस्पेक्टर शकील अहमद और दंगल कमेटी के सदस्यों ने शाम चार बजे संयुक्त रूप से किया।
दंगल में अलग-अलग भार वर्ग की 100 कुश्तियां करवाई गईं। प्रदेश के पहलवानों के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश के पहलवानों ने दंगल में बेहतरीन मल्लयुद्ध का प्रदर्शन करते हुए दंगल देखने पहुंचे लगभग 3000 दर्शकों की वाहवाही लूटी। छोटी माली का मुकाबला फिंतर के आकिव पहलवान और पंजाब के सुरमु पहलवान के बीच हुआ। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को हराने के लिए पूरा जोर लगाया।
लगभग एक घंटे तक चली कुश्ती में जब कोई भी पहलवान एक-दूसरे को हरा ना सका तो दंगल कमेटी ने दोनों पहलवानों को छोटी माली का संयुक्त विजेता घोषित कर दिया। बड़ी माली में अब्दुल गनी पहलवान ने मोहम्मद हाफिज पहलवान को टंगी दांव लगाकर चित कर लिया और बड़ी माली अपने नाम कर ली। दंगल कमेटी की ओर से सभी पहलवानों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दंगल स्थल के पास विशाल मेले का आयोजन भी हुआ। इसमें अलग-अलग प्रकार के स्टालों पर लोगों ने खूब खरीदारी की। इस मौके पर दंगल कमेटी के सदस्य सुरजीत सिंह, राजपाल, मोहन सिंह, लाल सिंह, दलिक सिंह, रसाल चंद, अशोक कुमार आदि मौजूद रहे।