बिलावर। मडून पंचायत के चेऊ गांव में शुक्रवार को आयोजित किए गए वार्षिक दंगल में पंजाब मलेरकोटला के अब्दुल गनी पहलवान ने लोहाई मल्हार के मोहम्मद हफीज पहलवान को पटखनी देकर दंगल पर कब्जा जमा लिया। इसका शुभारंभ शुक्रवार शाम चार बजे दंगल कमेटी के सदस्यों ने किया। दंगल में अलग-अलग भार वर्ग की 102 कुश्तियां हुईं।
प्रदेश के पहलवानों के साथ-साथ पंजाब और हिमाचल प्रदेश के पहलवानों ने मल्लयुद्ध का प्रदर्शन किया। दंगल देखने पहुंचे करीब 2000 दर्शकों ने पहलवानों की खूब हौसलाअफजाई की। तीसरी छोटी माली का मुकाबला वीर सिंह पहलवान और नितिन पहलवान के बीच हुआ। इसमें वीर सिंह ने जीत दर्ज की। दूसरी छोटी माली का मुकाबला डोडा के तारीख पहलवान और फिंतर के आकिव पहलवान के बीच हुआ। इसमें तारीख पहलवान ने अपने प्रतिद्वंद्वी को बार्शीगौता दांव लगाकर जीत दर्ज की।
बड़ी माली के मुकाबले में अब्दुल गनी पहलवान ने मोहम्मद हफीज पहलवान को सांडीतोड दांव लगाकर चित किया और बड़ी माली अपने नाम कर ली। दंगल कमेटी की ओर से विजेता और उपविजेता पहलवानों को नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। दंगल स्थल के पास मेले का आयोजन भी हुआ। इसमे लगाए गए पकवानों के अलग-अलग प्रकार के स्टालों पर लोगों ने खूब खरीदारी की। इस मौके पर दंगल कमेटी के सदस्य सुरजीत सिंह, रसाल चंद, रमेश, जोगिंदर, बिशन सिंह, दीप कुमार, गोरखनाथ आदि मौजूद रहे।