हीरानगर में समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित करते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सत शर्मा। - संवाद
हीरानगर। हाथ में तिरंगा लेकर वंदे मातरम गीत गाने की मंशा लेकर 1953 में एक विधान एक निशान के आंदोलन में शामिल बलिदानियों के बलिदान से ही आज जम्मू कश्मीर के हर हिस्से में तिरंगा लहरा रहा है और वंदे मातरम की गूंज है।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सदस्य सत शर्मा ने हीरानगर में आयोजित शहीदी दिवस के कार्यक्रम के दौरान यह बात कही। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की ओर से चलाए गए आंदोलन में हीरानगर के शहीद बिहारी लाल और बिखम सिंह की याद में बनाए गए समाधि स्थल पर रविवार को भारतीय जनता पार्टी की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
स्थानीय विधायक विजय शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। इसमें बड़ी संख्या में क्षेत्र के लोगों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि एक वक्त था जम्मू कश्मीर में तिरंगा हाथ में पड़कर वंदे मातरम गाने पर गोलियां मिलती थी लेकिन अब हर तरफ तिरंगा लहरा रहा है।
यह सब उन बलिदानियों की बदौलत संभव हुआ है जिन्होंने एक विधान एक निशान एक प्रधान के आंदोलन में हिस्सा लेकर अपने प्राणों की आहुतियां दीं। विधायक विजय शर्मा ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमारा जन्म और हमें इसी क्षेत्र के लोगों ने प्रतिनिधि चुना गया जहां देश की अखंडता के लिए बिहारी लाल और बिखम सिंह जैसे वीरों ने प्राणों की आहुति दी थी।