हीरानगर। हीरानगर उप मंडल में खैर के पेड़ों की अवैध कटाई की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद एसडीएम हीरानगर फुलेल सिंह ने टीम के साथ कंडी क्षेत्र के विभिन्न गांव का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने वन विभाग और पुलिस को अवैध खैर तस्करी करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।पिछले पट्टा, रसाना और स्तूरा आदि इलाकों में सरकारी जमीनों से खैर के पेड़ों की चोरी का मामला सामने आया। यह जानकारी एसडीएम के संज्ञान में आते ही उन्होंने टीम के साथ इन इलाकों के साथ-साथ डिंगा अंब, प्राजंलि आदि इलाकों का भी दौरा किया।
उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि सरकारी जमीनों से खैर के पेड़ों की चोरी करने वालों पर वन विभाग और पुलिस सख्त कार्रवाई करें। इस दौरान उन्होंने कहा कि जिन लोगों की निजी जमीनों से खैर के पेड़ों की चोरी हुई है उस मामले को भी गंभीरता से लेते हुए चोरों को तलाश कर सख्त कार्रवाई की जाए।
उन्होंने बताया कि उपमंडल में अवैध ढंग से खैर के पेड़ों की कटाई का मामला जैसे ही उनके संज्ञान में आया उन्होंने इस पर कार्रवाई के उद्देश्य से विभिन्न इलाकों का दौरा किया। इस दौरान संबंधित विभाग के अधिकारियों को खैर चोरी पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि लोग भी अवैध खैर चोरी में लिप्त पाए गए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के अनुसार उपमंडल के कुछ इलाकों में खैर की कटाई की परमिशन खुलने के बाद से खैर चोरों ने बिना परमिशन के इलाकों में भी धड़ल्ले से खैर के पेड़ों की कटाई की है।