चड़वाल में सड़क पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश देते डीटीआई।
- फोटो : kathua news
हीरानगर। चड़वाल सांझी मोड़ सड़क पर अतिक्रमण के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी। कहा अगर वह खुद अतिक्रमण नहीं हटाएंगे तो इस पर जल्द कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद दुकानदारों ने तुरंत सड़क पर रखे सामान को उठा लिया।
जानकारी के अनुसार कुछ स्थानीय लोगों की ओर से की गई शिकायत के बाद डीटीआई कपिल मन्हास ने मुख्य बाजार का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने कहा, यह उनका पहला दौरा है इसलिए सड़क पर दुकानदारों की ओर से किए गए अतिक्रमण को हटाने की चेतावनी दे रहे हैं, बेहतर होगा कि दुकानदार खुद सड़क खाली कर दें अन्यथा उनकी ओर से कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिसके बाद कुछ दुकानदारों ने तुरंत सड़क पर रखे समान और बोर्ड को उठा लिया। इसी दौरान उन्होंने यहां सड़क किनारे लगे वाहन चालकों को भी यहां वाहन पार्क करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इसी दौरान व्यापार मंडल के अध्यक्ष श्याम सुंदर ने मौके पर पहुंचकर डीटीआई से बात की और कहा कि वह खुद दुकानदारों से बैठकर इस मसले पर बात करेंगे। यह सुनिश्चित करेंगे कि बाजार में किसी भी राहगीर या वाहन चालकों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो।