हीरानगर में निकाली गई झांकी।
- फोटो : kathua news
हीरानगर। अयोध्या में भव्य राम मंदिर की सालगिरह के अवसर पर कस्बे में शांति निकेतन संन्यास आश्रम की ओर से झांकी का आयोजन किया गया। श्री श्री 108 पद्मावती महाराज के नेतृत्व में निकल गई झांकी में संजय कृष्ण शास्त्री विशेष अतिथि के तौर पर उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में कस्बे के लोग इस झांकी में शामिल हुए। श्री राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान की वेशभूषा धारण किए बच्चों ने इसकी अगुवाई की। भजन कीर्तन और जयकारों के साथ आश्रम से शुरू हुई है झांकी कस्बे से होते हुए दीप चौक पहुंची जहां से समाधि स्थल और तहसील मुख्यालय के बाहर से होते हुए वापस आश्रम में संपन्न हुई। इस दौरान जय श्री राम के जयघोष से कस्बे में भक्तिमय माहौल बन गया।
संजय शास्त्री ने कहा कि आज का पावन अवसर हमारी आत्मा और संस्कृति का अभिन्न अंग है। श्री राम मंदिर जो मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का दिव्य धाम है उसकी प्राण प्रतिष्ठा की वर्षगांठ मनाने के लिए हम सभी एकत्रित हुए हैं।
उन्होंने कहा यह मंदिर न केवल ईश्वर की उपासना का स्थान है बल्कि यह हमारे देश की आध्यात्मिक और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक है। श्री राम ने अपने जीवन में हर परिस्थिति में धर्म का मार्ग अपनाया और यही कारण है कि वह केवल अयोध्या के नहीं बल्कि समूचे विश्व के आदर्श बन गए।