सरकारी मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) कठुआ के जूनियर नर्सिंग कर्मचारी और कैंटीन संचालक पर हमले के आरोपी डॉ. जहीर अब्बास को स्वास्थ्य विभाग ने निलंबित कर दिया है। घटना वीरवार की है। इसे व्यक्तिगत रंजिश का मामला बताया जा रहा है।स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार डॉ. जहीर अब्बास को स्वास्थ्य एवं चिकित्सा विभाग के अतिरिक्त सचिव ने तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। आरोपी डॉक्टर जिला सांबा के एक्सीडेंट अस्पताल विजयपुर में बतौर चिकित्सा अधिकारी के पद पर तैनात है।
31 अक्तूबर को हुई घटना के बाद डॉक्टर को इस मामले में मुख्य अभियुक्त बताते हुए कठुआ थाना में मामला दर्ज किया गया। इसके बाद न्यायालय ने आरोपी को 48 घंटे के लिए पुलिस की हिरासत में भेज दिया था।
बता दें कि जीएमसी कठुआ के जूनियर नर्सिंग कर्मचारी व कैंटीन संचालक पर हमले के बाद आरोपी डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठी थी। जीएमसी के पैरामेडिकल स्टाफ ने प्रदर्शन करते हुए धरना भी लगाया था। तब स्थानीय विधायक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया था। अब उम्मीद है कि इस कार्रवाई के बाद घटना के विरोध में कर्मचारी संगठनों में पैदा हुआ आक्रोश थम जाएगा।