हीरानगर। रोहिंग्याओं के लिए होल्डिंग सेंटर के रूप में परिवर्तित सब जेल हीरानगर की इमारत को आखिरकार नए नाम में रंग दिया गया है। सोमवार को सब जेल हीरानगर के बोर्ड की जगह इमारत के मुख्य द्वार पर होल्डिंग सेंटर हीरानगर लिख दिया गया। जम्मू-कश्मीर में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्याओं की सत्यापन प्रक्रिया को लेकर चल रही कवायद के बीच वर्तमान में 197 रोहिंग्या हीरानगर के होल्डिंग सेंटर में रखे गए हैं।
फरवरी माह के आखिरी सप्ताह में हीरानगर सब जेल से सभी कैदियों को प्रदेश की अन्य जेलों में शिफ्ट कर दिया गया था। छह मार्च को जम्मू से रोहिंग्याओं को सत्यापन की प्रक्रिया के बाद हीरानगर की इसी इमारत में शिफ्ट किया गया था। केंद्र सरकार के निर्देश पर प्रदेश में अवैध रूप से रह रहे रोहिंग्याओं की सत्यापन प्रक्रिया शुरू की गई। कार्रवाई के तहत इन्हें जम्मू से हटाकर उप जेल में लाया गया जिसका नाम अब होल्डिंग सेंटर हीरानगर हो गया है।